कोण्डागांव
मानसून में घर तोडऩे पर लगाई रोक की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 17 जून। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने बुधवार को चौपाटी मैदान में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर आदिवासी परिवारों के घरों को तोड़े जाने और खेती की जमीनों से बेदखल किए जाने के खिलाफ आवाज बुलंद की। धरना के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि वन एवं राजस्व भूमि पर वर्षों से निवास और खेती कर रहे आदिवासी परिवारों को मानसून के ठीक पहले बेदखल किया जा रहा है, जिससे महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो रहे हैं। पार्टी ने इस कार्रवाई को अमानवीय, असंवैधानिक और आदिवासी विरोधी बताया।
धरना को संबोधित करते हुए सीपीआई के संभागीय संयोजक तिलक पांडे ने कहा कि, कई ऐसे परिवार हैं, जिन्हें वन अधिकार पट्टा प्राप्त है और कई परिवारों के पट्टों की प्रक्रिया चल रही है, इसके बावजूद वन विभाग और प्रशासन द्वारा बिना पूर्व सूचना मकान तोड़े जा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि चिलियाबेड़ा सहित कई क्षेत्रों में प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान लोगों के घरों में रखा अनाज, नकदी और बच्चों के शैक्षणिक दस्तावेज भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पांडे ने कहा कि अनेक परिवारों को नोटिस जारी किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
सीपीआई ने मांग की है कि, मानसून के दौरान आदिवासियों के घरों को तोडऩे और खेतों से बेदखल करने की कार्रवाई तत्काल बंद की जाए, वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत पात्र परिवारों को पट्टे प्रदान किए जाएं तथा प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्वास उपलब्ध कराया जाए।
पार्टी ने यह भी सवाल उठाया कि जिन आदिवासियों को पहले वन भूमि पर बसने और खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, आज उन्हीं को बेघर क्यों किया जा रहा है। सीपीआई ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं रुकी तो इस मुद्दे को राज्य स्तर पर उठाकर व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।