कोण्डागांव

बिजली दर वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का विद्युत दफ्तर घेराव, पुलिस से हुई झूमाझटकी
17-Jun-2026 10:46 PM
बिजली दर वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का विद्युत दफ्तर घेराव, पुलिस से हुई झूमाझटकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 17 जून। बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कोण्डागांव ने बुधवार को विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन ने विद्युत विभाग कार्यालय परिसर के आसपास कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे। न्यायालय कार्यालय और भाजपा कार्यालय दोनों ओर से बैरिकेडिंग कर रास्तों को बंद कर दिया गया था, ताकि प्रदर्शनकारी कार्यालय परिसर तक न पहुंच सकें। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी प्रदर्शन में शामिल हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यालय की ओर लगाए गए बैरिकेड को हटाने और आगे बढऩे का प्रयास कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झूमाझटकी की स्थिति भी बनी। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढऩे से रोक दिया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने घरेलू, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं तथा किसानों के लिए बिजली दरों में 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि कर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है।

विद्युत कार्यालय घेराव के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के बस स्टैंड पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पुतला दहन करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर पुतला दहन नहीं होने दिया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि घोष ने कहा कि बिजली दर वृद्धि, किसानों को डीजल और अन्य कृषि आवश्यकताओं की उपलब्धता में हो रही समस्याओं के खिलाफ कांग्रेस द्वारा यह आंदोलन किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को घंटों लाइन में लगकर डीजल लेना पड़ रहा है और सरकार उनकी समस्याओं के समाधान में विफल साबित हो रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर आगे भी आंदोलन जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट