कोण्डागांव
किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार तक की सहायता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 16 जून। बस्तर संभाग के दो दिवसीय प्रवास पर पहुंचे कृषि विभाग के संयुक्त संचालक बीके बिजनौरिया ने रविवार को कोण्डागांव में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर कृषि विकास, फसल विविधीकरण और किसानों की आय बढ़ाने संबंधी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धान के साथ-साथ दलहन एवं तिलहन फसलों के रकबे और उत्पादन को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
संयुक्त संचालक ने बताया कि वर्तमान में कृषि विभाग राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (एनएफएसएम), चावल प्रोत्साहन योजना, मोटा अनाज तथा पोषक अनाज (श्री अन्न) जैसी प्रमुख योजनाओं के माध्यम से किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। इसका उद्देश्य खेती की लागत कम करना, उत्पादन बढ़ाना और किसानों को बेहतर आय उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि देश में उड़द और अरहर जैसी दलहन फसलों की मांग लगातार बढ़ रही है, जबकि उत्पादन अपेक्षाकृत कम है। इसे देखते हुए बस्तर संभाग में मक्का के साथ उड़द एवं अन्य दलहन फसलों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए लगभग 70 हेक्टेयर क्षेत्र को चिन्हित किया गया है तथा किसानों को समूह आधारित क्लस्टर अप्रोच के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है।
बीके बिजनौरिया ने बताया कि दलहन और तिलहन फसलों की उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में भी विभाग कार्य कर रहा है। जहां इन फसलों का उत्पादन लगभग 20 क्ंिवटल प्रति हेक्टेयर तक होना चाहिए, वहीं वर्तमान में कई क्षेत्रों में किसान केवल 5 से 6 क्ंिवटल उत्पादन ही प्राप्त कर पा रहे हैं। इस अंतर को कम करने के लिए किसानों को उन्नत तकनीक, गुणवत्तायुक्त बीज और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। धान की खेती छोडक़र दलहन या तिलहन फसल लगाने वाले किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये तक की आदान सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं पहले से दलहन-तिलहन की खेती कर रहे किसानों को पूर्व की तरह 10 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाती रहेगी। संयुक्त संचालक ने कहा कि बस्तर संभाग में कृषि के पारंपरिक स्वरूप में बदलाव लाकर किसानों को नकदी फसलों, दलहन, तिलहन और श्री अन्न की खेती से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि के साथ-साथ प्रदेश और देश की खाद्य सुरक्षा को भी मजबूती मिल सके।