कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 14 जून। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 के अंतर्गत शासन से आवास निर्माण के लिए राशि प्राप्त करने के बावजूद भवन निर्माण कार्य शुरू नहीं करने अथवा अधूरा छोड़ देने वाले हितग्राहियों के खिलाफ अब प्रशासन सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। नगर पंचायत केशकाल द्वारा ऐसे डिफॉल्टर हितग्राहियों को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए समय रहते निर्माण कार्य पूर्ण करने की अपील की गई है।
सीएमओ नामेश्वर कावड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र एवं राज्य शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुसार जिन हितग्राहियों ने प्रथम अथवा द्वितीय किस्त की राशि प्राप्त कर ली है, लेकिन अब तक आवास निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया है या कार्य अधूरा छोड़ रखा है, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकारी राशि का दुरुपयोग करने वाले हितग्राहियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर एफआईआर कराई जाएगी। वहीं शासन द्वारा प्रदत्त राशि की वसूली के लिए संबंधित हितग्राहियों की भूमि अथवा अन्य संपत्तियों को राजस्व विभाग के माध्यम से कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
सीएमओ श्री कावड़े ने बताया कि केंद्र शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सितंबर माह के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 के अंतर्गत किसी भी हितग्राही को अगली अथवा अंतिम किस्त जारी नहीं की जाएगी। इसके बाद योजना के खातों को बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। ऐसे में जिन हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्य लंबित हैं, वे तत्काल निर्माण कार्य पूर्ण कर लें। शासन के निर्देशों का पालन नहीं करने वाले हितग्राहियों को कानूनी कार्रवाई, संपत्ति कुर्की और अन्य दंडात्मक प्रावधानों का सामना करना पड़ सकता है।


