कोण्डागांव

15 से शुरू होगा मलेरिया मुक्त अभियान का 14वां चरण, स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण
13-Jun-2026 10:03 PM
15 से शुरू होगा मलेरिया मुक्त अभियान का 14वां चरण, स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 13 जून। बस्तर संभाग में मलेरिया मुक्त अभियान के 14वें चरण के तहत 15 जून से 14 जुलाई तक डोर-टू-डोर सर्वे किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान बस्तर संभाग के सभी जिलों में संचालित किया जाएगा।

जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने संबंधित विभागों को निर्धारित अवधि के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य टीमों के गठन, प्रशिक्षण तथा आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग के जिला नोडल अधिकारी डॉ. सोनल ध्रुव और जिला सलाहकार इमरान ने बताया कि 11 जून को विकासखंड कोंडागांव के चिन्हित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में गठित टीमों तथा सेक्टर स्तर के पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में सर्वे की कार्यप्रणाली, ऑनलाइन डेटा प्रविष्टि, मलेरिया जांच, उपचार और फॉलोअप संबंधी जानकारी दी गई।

अधिकारियों के अनुसार, पूर्व में संचालित अभियानों और स्वास्थ्य सर्वेक्षणों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर इस चरण में भी घर-घर जाकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एकत्र करने और मलेरिया की जांच करने की योजना बनाई गई है। विभाग का कहना है कि इससे मलेरिया नियंत्रण संबंधी प्रयासों को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान ग्रामीण आबादी के अलावा आश्रम-छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों तथा पुलिस बटालियन के जवानों की भी जांच की जाएगी। सर्वे के दौरान लक्षणयुक्त और आवश्यकता अनुसार अन्य व्यक्तियों की जांच कर जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी।

विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक नीरज सोरी ने बताया कि कोंडागांव विकासखंड में 84,459 लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 70 स्वास्थ्य टीमों का गठन किया गया है। योजना के अनुसार 27 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के अंतर्गत आने वाले 106 गांवों में सर्वे किया जाएगा।

अभियान की निगरानी के लिए 18 सेक्टर प्रभारियों और स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में ब्लॉक डेटा मैनेजर ई. टोप्पो, मलेरिया टेक्निकल सुपरवाइजर हीना सेठिया, सेक्टर प्रभारी, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, मितानिन कार्यक्रम से जुड़े कार्यकर्ता, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के स्वास्थ्यकर्मी, सीएचओ, आरएचओ तथा डेटा ऑपरेटर उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट