कोण्डागांव

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण शुरू
13-Jun-2026 10:03 PM
  प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण  शुरू

कोंडागांव, 13 जून। जिला पुलिस कोंडागांव ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आरोहण अभियान के तहत नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। पुलिस विभाग के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य अभ्यर्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग प्रदान करना है।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं उप पुलिस अधीक्षक स्निग्धा सलामे के पर्यवेक्षण में संचालित इस कार्यक्रम के तहत युवाओं को पीएससी, सीजीपीएससी, सीजी व्यापम, एसएससी, बैंकिंग और रेलवे सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।

जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण में सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाक्रम, रीजनिंग, गणित तथा छत्तीसगढ़ से संबंधित विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनके अनुसार, प्रशिक्षण नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान ‘छत्तीसगढ़ समसामयिक 2026’ पुस्तक का परिचय भी कराया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह पुस्तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए उपयोगी संदर्भ सामग्री के रूप में तैयार की गई है।

जिला पुलिस ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अधिक जानकारी के लिए जिला पुलिस कार्यालय से संपर्क करने की अपील की है।


अन्य पोस्ट