कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 13 जून। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन छत्तीसगढ़ के जिला कोंडागांव इकाई के तत्वावधान में लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के मुद्दे को गांव-गांव और ब्लॉक मुख्यालय तक पहुंचाने के उद्देश्य से धनोरा के साप्ताहिक बाजार स्थल में एक दिवसीय ‘सत्याग्रह’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील पवार के निर्देशानुसार प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नेताम के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने, संविधान की मूल भावना की रक्षा करने तथा जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने का संकल्प लिया। अंत मे राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपाकर कार्यक्रम समाप्त किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीसीसी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष अमीन मेमन ने केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि आज लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, सामाजिक समरसता और संविधान प्रदत्त अधिकारों पर लगातार चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। ऐसे समय में कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी के सत्याग्रह और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए जनता की आवाज को बुलंद करने का कार्य कर रही है।
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नेताम ने कहा कि किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा तथा संविधान की रक्षा के लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अंतिम पंक्ति तक मजबूती से खड़ा रहेगा। देश में लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी निरंतर जनता के बीच जाकर जनजागरण अभियान चला रही है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष अमीन मेमन, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र नेताम, प्रदेश सचिव सगीर कुरैशी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण अग्निहोत्री, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीताम्बर नाग, प्रदेश महामंत्री अनिल उसेंडी, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेखा मरकाम, जनपद सदस्य सुरेश कोर्राम, उपस्थित रहे।


