कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 12 जून। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशकाल नगर में गुरुवार को एक बड़ा सडक़ हादसा हो गया। गिरीदीप स्कूल के पास सडक़ किनारे भारी लोहे का सामान लेकर खड़े एक ट्रेलर में तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया, वहीं ट्रेलर चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया, जिससे केशकाल नगर में लंबा जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लगने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि पिछले 48 घंटे से केशकाल घाटी एवं एनएच-30 पर लगातार रुक-रुककर जाम की स्थिति बनी हुई है। भारी वाहनों की आवाजाही, सडक़ पर खराब वाहनों के खड़े हो जाने तथा बढ़ते यातायात दबाव के कारण बार-बार यातायात प्रभावित हो रहा है।
सूचना मिलते ही केशकाल एसडीओपी अरुण नेताम स्वयं अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम फिलहाल यातायात व्यवस्था संभालते हुए आवागमन बहाल कराने में जुट गई। पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य होने लगा।


