कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 11 जून। जिला मुख्यालय कोण्डागांव में बुधवार की देर शाम मौसम ने अचानक करवट ली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली। शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए और तेज बारिश का दौर शुरू हो गया, जिससे मौसम सुहाना हो गया।
बारिश के चलते सडक़ों पर पानी बहने लगा और लोग गर्मी से राहत महसूस करते नजर आए। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों ने भी इस वर्षा का स्वागत किया, क्योंकि खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच बारिश को लाभदायक माना जा रहा है।
वहीं तेज बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए विद्युत विभाग द्वारा एहतियातन नगर के कई हिस्सों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई। बिजली बंद होने से कुछ समय के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, हालांकि इससे किसी प्रकार की तकनीकी खराबी या दुर्घटना की संभावना को रोकने में मदद मिली।
मौसम में आए इस बदलाव से जहां आम नागरिकों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी जिले में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।


