कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 11 जून। जिला मुख्यालय कोण्डागांव में ईंधन संकट के हालात दूसरे दिन भी बने हुए हैं। शहर में स्थित अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का स्टॉक समाप्त हो जाने से वे बंद पड़े हैं, जबकि एकमात्र संचालित फ्यूल प्वाइंट पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए गुरुवार को पेट्रोल पंप परिसर में पुलिस जवानों की भी तैनाती की गई।
जानकारी अनुसार, कोण्डागांव में हिन्दुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) के पांच, इंडियन ऑयल के दो तथा भारत पेट्रोलियम का एक फ्यूल रिफिल प्वाइंट संचालित है। इनमें से अधिकांश पंपों पर ईंधन समाप्त हो चुका है, जिसके कारण वे बंद हैं। बस स्टैंड के पास स्थित ज्योति पेट्रोल पंप में गुरुवार सुबह एक टैंकर से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति हुई थी, लेकिन सुबह से उमड़ी भारी भीड़ के चलते दोपहर तक पूरा स्टॉक समाप्त हो गया। अगली आपूर्ति कब पहुंचेगी, इसकी स्पष्ट जानकारी पंप प्रबंधन के पास भी नहीं है इधर शहर के नारंगी नदी के पास स्थित दिनेश इंडियन ऑयल फ्यूल प्वाइंट पर फिलहाल पेट्रोल और डीजल दोनों उपलब्ध हैं। फ्यूल प्वाइंट संचालक दिनेश जैन ने बताया कि उनके पास पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को लगातार आपूर्ति की जा रही है।
हालांकि बढ़ती भीड़ और संभावित अव्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने फ्यूल प्वाइंट पर पुलिस बल तैनात किया है। साथ ही डिब्बों में पेट्रोल-डीजल देने पर रोक लगा दी गई है। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार दोपहिया वाहनों को अधिकतम 200 रुपये, चारपहिया एवं अन्य वाहनों को 1000 रुपये तथा आवश्यक परिस्थितियों में बड़े वाहनों को अधिकतम 2000 रुपये तक का ईंधन दिया जा रहा है। ईंधन संकट के चलते आम नागरिकों, किसानों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहरवासियों की नजर अब ईंधन की नई खेप और अन्य पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति बहाल होने पर टिकी हुई है।


