कोण्डागांव
कार्यकर्ताओं ने बांटा शरबत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 11 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को कोण्डागांव स्थित शीतला माता मंदिर माता गुड़ी में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और देश की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश द्वारा विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक स्तर पर प्राप्त उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए 12 साल बेमिसाल अभियान के तहत उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का राष्ट्र प्रथम का संकल्प, सुशासन और जनसेवा की भावना करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इस अवसर पर कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी के नेतृत्व में ग्राम देवी शीतला माता के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात मंदिर परिसर में कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद स्वरूप शरबत का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष सेवक नेताम, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलवंत चहल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना और सेवा कार्यों के माध्यम से जनसंपर्क करना रहा।


