कोण्डागांव

छापा: 4 जुआरी गिरफ्तार, नगदी व वाहन जब्त
10-Jun-2026 10:31 PM
छापा: 4 जुआरी गिरफ्तार, नगदी व वाहन जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 10 जून। फरसगांव पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से नगदी, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन तथा सात दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं।

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 7 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुम्हांग के जंगल क्षेत्र में कुछ लोग ताश के पत्तों के जरिए दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार मौके से हरिराम नेताम  निवासी गारावंडी टोपीपारा थाना केशकाल, राजकुमार कोर्राम  बरकई थाना फरसगांव, नरेंद्र कुमार बघेल  पाण्डेआठगांव थाना फरसगांव तथा गजानंद कुमार ताम्रकार  चिटोटी थाना गुरूर जिला बालोद, हाल निवासी कोण्डागांव को हिरासत में लिया गया।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कब्जे और कथित जुआ स्थल से 9,250 रुपये नगद, ताश के 52 पत्ते, एक प्लास्टिक बोरी, चार मोबाइल फोन तथा पास में खड़े सात दोपहिया वाहन जब्त किए गए।

फरसगांव पुलिस ने बताया कि जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट