कोण्डागांव
कोंडागांव, 9 जून। पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर एक परिवार की बिछड़ी खुशियां लौटा दीं। फरसगांव थाना क्षेत्र के गांव के 13 वर्षीय बालक अपने पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकल गया था और भटकते- भटकते बालक छत्तीसगढ़ की सीमा पार कर ओडिशा पहुंच गया। बालक के घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे। इसके बाद उसके पिता ने फरसगाँव थाना पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
थाना प्रभारी चंद्रशेखर श्रीवास ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और कोंडागांव पुलिस अफसरों के निर्देशानुसार एक विशेष टीम गठित कर बालक की तलाश में रवाना किया। पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों एवं सतत प्रयासों के माध्यम से बालक की लोकेशन का पता लगाया और चंद घंटों के भीतर ओडिशा के जोड़ेंगा गांव से उसे सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद बालक को सुरक्षित फरसगाँव लाया गया और उसके परिजनों को सुपुर्द किया गया। इस कार्यवाही में थाना केशकाल एवं चौकी बांसकोट के अधिकारी कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही।
अपने बेटे को सकुशल वापस पाकर परिजन काफी खुश हुए। परिवार ने फरसगाँव पुलिस, थाना प्रभारी चंद्रशेखर श्रीवास तथा पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं क्षेत्रवासियों ने भी पुलिस की त्वरित, संवेदनशील एवं सराहनीय कार्रवाई की प्रशंसा की है।


