कोण्डागांव

आलमारी से जेवरात चोरी, आरोपी महिला गिरफ्तार
07-Jun-2026 10:17 PM
आलमारी से जेवरात चोरी, आरोपी महिला गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 7 जून। कांकेर जिले के नरहरपुर थाना क्षेत्र में एक घर से सोना-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 1 लाख 63 हजार 350 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार ग्राम बरेठिनबाहरा निवासी दिवस कुंजाम ने थाना नरहरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी पत्नी के साथ नरहरपुर साप्ताहिक बाजार गया था। उस दौरान घर में कोई मौजूद नहीं था। अगले दिन सुबह जब उसकी पत्नी ने आलमारी की जांच की तो पता चला कि ड्रेसिंग टेबल में रखी आलमारी की चाबी निकालकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने आलमारी और लॉकर खोल लिया था। लॉकर में रखे सोने का मंगलसूत्र, झुमके, लॉकेट तथा चांदी की पायल चोरी हो चुकी थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने परिवार के परिचितों और घर आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की। जांच में संदेह के आधार पर चन्द्रकला मरकाम  निवासी उरैया, थाना नरहरपुर से पूछताछ की गई।

पूछताछ में महिला ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसने घर में किसी के नहीं होने का लाभ उठाकर ड्रेसिंग टेबल से चाबी निकाली और आलमारी के लॉकर से जेवरात चोरी कर अपने घर में छिपा दिए थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो सोने के झुमके, एक मंगलसूत्र, दो सोने के दाने, दो सोने के लॉकेट तथा एक जोड़ी चांदी की पायल बरामद की।

पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट