कोण्डागांव

एसपीने किया फरसगांव थाना का निरीक्षण
06-Jun-2026 10:05 PM
एसपीने किया फरसगांव थाना का निरीक्षण

लंबित प्रकरणों की समीक्षा, त्वरित निराकरण के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 6 जून। पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा ने शनिवार को थाना फरसगांव का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग, गुम इंसान एवं अन्य प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना के रोजनामचा, अपराध पंजी, अभिलेख संधारण, मालखाना, शस्त्रागार एवं आर्म्स-एम्युनेशन का अवलोकन किया। साथ ही संबंधित अभिलेखों का परीक्षण कर रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई और अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण के संबंध में थाना प्रभारी चंद्रशेखर श्रीवास को आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने थाना में पदस्थ प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों से चर्चा कर उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली, विवेचना, कानून-व्यवस्था संधारण तथा आम नागरिकों से बेहतर व्यवहार संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करने की सीख दी।

अपराध नियंत्रण और प्रभावी पेट्रोलिंग पर जोर

निरीक्षण के दौरान थाना स्टाफ को लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, अपराध नियंत्रण, प्रभावी पेट्रोलिंग तथा आम नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशीलतापूर्वक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और बेहतर पुलिसिंग प्राथमिकता है।

ज्ञात हो कि कोंडागांव पुलिस द्वारा जिले में बेहतर पुलिसिंग एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार थाना निरीक्षण एवं समीक्षा की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में फरसगांव थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस अधीक्षक ने कार्यप्रणाली का जायजा लिया और आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट