कोण्डागांव

बम्हनी में सुशासन शिविर आयोजित
06-Jun-2026 10:04 PM
बम्हनी में सुशासन शिविर आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 6 जून। ग्राम पंचायत बम्हनी में जिला स्तरीय सुशासन शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में आसपास की पंचायतों और आश्रित ग्रामों के नागरिकों ने विभिन्न मांगों और समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार शिविर में 54 लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श किया गया। विभाग ने बताया कि 14 आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा 11 लोगों की नेत्र जांच की गई। विभाग के अनुसार आठ बुजुर्गों को शासकीय योजना के तहत नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए।

कार्यक्रम में दो हितग्राहियों को जन्म प्रमाण पत्र और आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। वहीं बम्हनी और संबलपुर के दो टीबी मरीजों को पोषण आहार सामग्री भी वितरित की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी और विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेंद्र बघेल ने बताया कि 1 मई से 10 जून तक आयोजित शिविरों में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ विभागीय योजनाओं की जानकारी देने तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 8 से 10 जून तक विशेष आयुष्मान कार्ड शिविर आयोजित करने की कार्ययोजना तैयार की गई है।

स्वास्थ्य पर्यवेक्षक संजय नायडू ने शिविर में उपस्थित लोगों को मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान, आयुष्मान कार्ड निर्माण, टीकाकरण तथा मातृ स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र परिवारों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

शिविर में जिला टीबी उन्मूलन इकाई के जिला सलाहकार कातेश देवांगन, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक नीरज सोरी, सेक्टर प्रभारी कृष्ण कुमार पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं मितानिन कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट