कोण्डागांव

श्रीमद्भागवत कथा का हवन-पूजन व भंडारे के साथ समापन
06-Jun-2026 9:48 PM
श्रीमद्भागवत कथा का हवन-पूजन व भंडारे के साथ समापन

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
केशकाल, 6 जून।
नगर के मनोकामेश्वर मंदिर में शिव मंदिर परिवार महिला मानस मंडल, केशकाल द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का विधि-विधान से हवन, पूर्णाहुति एवं झारा भंडारे के साथ भव्य समापन हुआ।

कई दिनों तक चले इस आध्यात्मिक आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान की कथा का श्रवण किया। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आयोजित इस कथा में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रतिदिन श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचकर श्रीमद्भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा का रसास्वादन करते रहे।

कथावाचक पं. रामाकृष्ण वैष्णव ने अपने मुखारविंद से श्रीमद्भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण एवं सारगर्भित वर्णन किया। उन्होंने कथा के माध्यम से धर्म, भक्ति, सेवा, सदाचार और मानव जीवन के आध्यात्मिक मूल्यों का महत्व बताया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर होकर भगवान के भजनों और जयघोषों में सहभागी बने।

समापन अवसर पर आयोजित हवन-पूजन एवं पूर्णाहुति में श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना करते हुए आहुति अर्पित की। इसके पश्चात आयोजित झारा भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

श्रद्धालुओं ने सफल आयोजन के लिए शिव मंदिर परिवार महिला मानस मंडल एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों के निरंतर आयोजन की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।


अन्य पोस्ट