कोण्डागांव
विधायक टेकाम ने किया बाल उद्यान का लोकार्पण, पौधरोपण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन मंडल केशकाल द्वारा ईको पर्यटन केंद्र टाटामारी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वनमंडलाधिकारी दिव्या गौतम ने की।
इस अवसर पर विधायक नीलकंठ टेकाम ने ईको पर्यटन केंद्र टाटामारी में नवनिर्मित बाल उद्यान का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि बाल उद्यान बच्चों एवं पर्यटकों के लिए प्रकृति से जुडऩे और मनोरंजन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत अतिथियों, अधिकारियों एवं नागरिकों द्वारा पौधरोपण किया गया। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और भावी पीढिय़ों के लिए स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की। इस दौरान लगभग 150 किलोग्राम कचरे का संग्रहण किया गया। उपस्थित लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी के महत्व की जानकारी दी गई।
अपने संबोधन में विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने प्लास्टिक प्रदूषण को पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए इसके उपयोग को कम करने और समाज को प्लास्टिक मुक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण, स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण ही आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणजनों को 15 अगस्त 2026 तक ईको पर्यटन केंद्र टाटामारी को प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई। सभी ने स्वच्छता, हरित विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जनभागीदारी के संकल्प के साथ हुआ।


