कोण्डागांव

पैरालीगल वालंटियर्स की मासिक समीक्षा बैठक
04-Jun-2026 10:55 PM
पैरालीगल वालंटियर्स की मासिक समीक्षा बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 4 जून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश खिलावन राम रीगरी की अध्यक्षता में पैरालीगल वालंटियर्स (पीएलवी) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधिक जागरूकता संबंधी गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेशमा बैरागी पटेल, प्रतिधारक अधिवक्ता सुरेन्द्र भट्ट तथा कोंडागांव और नारायणपुर में कार्यरत पैरालीगल वालंटियर्स उपस्थित थे।

 प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने पैरालीगल वालंटियर्स को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी देने तथा नि:शुल्क विधिक सहायता संबंधी जानकारी समाज के कमजोर और वंचित वर्गों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पैरालीगल वालंटियर्स ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में विधिक जागरूकता बढ़ाने में भूमिका निभाते हैं।

बैठक में पैरालीगल वालंटियर्स ने अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों, आयोजित विधिक साक्षरता शिविरों, लाभार्थियों को दी गई सहायता तथा आमजन से जुड़े मुद्दों की जानकारी प्रस्तुत की। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बंदियों, महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य पात्र व्यक्तियों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयासों की भी समीक्षा की गई।

बैठक के अंत में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने पैरालीगल वालंटियर्स को जनसमस्याओं की जानकारी प्राधिकरण तक पहुंचाने तथा विधिक सहायता और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट