कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 3 जून। मेहनत, संस्कार और शिक्षा के दम पर छोटे शहरों और गांवों के बच्चे भी बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं — इसका प्रेरणादायक उदाहरण बने हैं केशकाल के होनहार युवा डॉ. अभिनव मिश्रा।
वर्ष 2021 बैच में चयनित होकर नागपुर के दत्ता मेडिकल कॉलेज से एम.बी.बी.एस. की डिग्री प्राप्त कर उन्होंने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे केशकाल क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
डॉ. अभिनव मिश्रा स्व. गिरजा शंकर मिश्रा पूर्व प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केशकाल के पोते हैं। उनके पिता राधा कृष्ण मिश्रा एवं माता शशि मिश्रा भी शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और अलग-अलग संस्थाओं में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
उनकी इस उपलब्धि से नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी खुशी का माहौल है। समाज के पदाधिकारियों, मित्रों, विद्यालय परिवार एवं संयुक्त कर्मचारी परिषद केशकाल ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।


