कोण्डागांव

सामाजिक विवाद पर पुलिस ने लगाई ‘सहयोग चौपाल’, पक्षों में बनी सहमति
31-May-2026 10:58 PM
सामाजिक विवाद पर पुलिस ने लगाई ‘सहयोग चौपाल’, पक्षों में बनी सहमति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 31 मई। मिरमिंडा गांव में सामाजिक विवाद पर पुलिस ने ‘सहयोग चौपाल’ लगाई, जिसमें दोनों पक्षों में सहमति बनी और विवाद का निराकरण किया गया।

ज्ञात हो कि कोंडागांव पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं और विवादों के समाधान के लिए सहयोग चौपाल नाम से एक पहल शुरू की है। पुलिस के अनुसार, इस पहल के तहत ग्रामीणों के बीच जाकर विभिन्न विवादों और शिकायतों पर चर्चा की जा रही है तथा संबंधित पक्षों को विधिक परामर्श भी दिया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, इसी क्रम में माकड़ी थाना क्षेत्र के मिरमिंडा में एक चौपाल आयोजित की गई। पुलिस ने बताया कि गांव में रहने वाले गांडा समाज के कुछ लोगों ने आवेदन देकर आरोप लगाया था कि गांव के अन्य लोग उनका सामाजिक बहिष्कार कर रहे हैं तथा उनके घर आना-जाना बंद कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आवेदन मिलने के बाद थाना प्रभारी माकड़ी ज्ञानेंद्र सिंह चौहान और तहसीलदार माकड़ी अंकुर रात्रे के नेतृत्व में गांव में सहयोग चौपाल आयोजित की गई। इस दौरान दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बातें सुनी गईं और विवादित मुद्दों पर चर्चा की गई।

पुलिस ने कहा कि बैठक में दोनों पक्षों को आपसी सहभागिता और सौहार्द बनाए रखने की सलाह दी गई।

पुलिस के अनुसार, चर्चा के बाद दोनों पक्ष कुछ बिंदुओं पर सहमत हुए, जिसके आधार पर एक पंचनामा तैयार किया गया।

पुलिस का कहना है कि सहयोग चौपाल कार्यक्रम के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर विवादों और शिकायतों के समाधान का प्रयास जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट