कोण्डागांव

41वीं वाहिनी आईटीबीपी ने अबूझमाड़ के ग्रामीणों को दी साइकिल, मरम्मत प्रशिक्षण
30-May-2026 10:15 PM
41वीं वाहिनी आईटीबीपी ने अबूझमाड़ के ग्रामीणों को दी साइकिल, मरम्मत प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 30 मई। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 41वीं वाहिनी ने अबूझमाड़ क्षेत्र के निवासियों के लिए कोंडागांव स्थित अपने मुख्यालय में साइकिल मरम्मत प्रशिक्षण की दो सप्ताह की कार्यशाला शुरू की है। आईटीबीपी के अनुसार, इसका उद्देश्य कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।

आईटीबीपी ने बताया कि यह कार्यक्रम उसके संसाधनों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों को साइकिल रखरखाव और मरम्मत का प्रशिक्षण दिया जाएगा। बल के अनुसार, प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रशिक्षुओं और ग्रामीणों को साइकिल तथा साइकिल रिपेयर किट वितरित की जाएगी, ताकि वे अपनी साइकिलों का रखरखाव कर सकें और आय अर्जित करने के अवसर प्राप्त कर सकें।

आईटीबीपी के अनुसार, कार्यक्रम के उद्देश्यों में ग्रामीणों को साइकिल मरम्मत से संबंधित कौशल का प्रशिक्षण देना, साइकिल और रिपेयर किट उपलब्ध कराकर स्वरोजगार तथा आवागमन में सहायता करना और समुदाय के साथ संपर्क गतिविधियों को बढ़ावा देना शामिल है।

इस अवसर पर 41वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट बेनुधर नायक ने कहा, डीआईजी (भुवनेश्वर) के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम स्थानीय समुदायों को कौशल प्रशिक्षण के साथ-साथ व्यावहारिक संसाधन उपलब्ध कराने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। प्रतिभागियों को ज्ञान और उपकरण दोनों प्रदान कर हम उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा आजीविका के बेहतर अवसरों तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं।

आईटीबीपी का कहना है कि इस पहल से अबूझमाड़ क्षेत्र के परिवारों को लाभ मिल सकता है।

बल के अनुसार, इससे शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यापार संबंधी आवागमन में सुविधा होने के साथ स्थानीय स्तर पर साइकिल मरम्मत सेवाओं और स्वरोजगार के अवसर विकसित हो सकते हैं।


अन्य पोस्ट