कोण्डागांव

आंधी-बारिश, उड़ी कई घरों की छतें, मवेशी की मौत
29-May-2026 11:21 PM
आंधी-बारिश, उड़ी कई घरों की छतें, मवेशी की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव,  29 मई। कोण्डागांव जिले के चिपावंड गांव में 28-29 मई की दरमियानी रात आई तेज आंधी और बारिश ने जमकर तबाही मचाई। अचानक बदले मौसम के चलते गांव में कई घरों और बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंचा, जिससे लोगों को पूरी रात परेशानियों का सामना करना पड़ा।

 राजस्व विभाग के अनुसार, देर रात आए आंधी-तूफान के कारण चिपावंड गांव में दो दर्जन से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं लखनपुरी में एक मकान, बड़े सिलाटी में तीन मकान और बड़ेकनेरा में एक मकान को नुकसान पहुंचा है। धनपुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक मवेशी की मौत भी हुई है। विभाग अब भी बारिश और आंधी-तूफान से हुई क्षति का आकलन कर रहा है।

 जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे के बाद तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई। इस दौरान तेज हवाओं के कारण कई मकानों के टीन-शेड उड़ गए। गांव में कई बड़े पेड़ भी उखडक़र सडक़ों और घरों के आसपास गिर पड़े, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। आंधी के दौरान बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके चलते पूरे गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शुक्रवार सुबह से प्रशासन और बिजली विभाग की टीमों ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। क्षतिग्रस्त बिजली लाइन सुधारने और रास्तों से गिरे पेड़ हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट