कोण्डागांव
कोंडागांव, 26 मई। छत्तीसगढ़ पुलिस में उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) के पद पर चयनित कपिलकांत साहू का नेताजी सुभाष चंद्र बोस पुलिस अकादमी, चंदखुरी (रायपुर) से 15 महीने का प्रशिक्षण पूर्ण कर प्रथम बार गृह नगर कोंडागांव आगमन हुआ। इस अवसर पर नगर साहू समाज द्वारा उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कपिलकांत साहू, सेवानिवृत्त पोस्टमास्टर एवं जिला साहू समाज कोंडागांव के पूर्व महासचिव बसंत कुमार साहू और सत्यभामा साहू के पुत्र हैं। उनके गृह नगर आगमन की खुशी में नगर साहू समाज द्वारा भक्त माता कर्मा मंदिर परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहाँ भगवान की पूजा-अर्चना के पश्चात नवनियुक्त उपनिरीक्षक का तिलक-आरती कर स्वागत किया गया तथा समाज की ओर से शाल, श्रीफल और गुलदस्ता भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया।
अकादमी से बुनियादी प्रशिक्षण पूरा करने के बाद आगामी जिला व्यावहारिक (फील्ड) प्रशिक्षण के लिए कपिलकांत साहू को सूरजपुर जिला आवंटित किया गया है, जहाँ वे शीघ्र ही अपना कार्यभार संभालेंगे।
इस अवसर पर कपिलकांत साहू ने समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं से भी आह्वान किया कि युवा वर्ग राष्ट्र और समाज हित में सेवा कार्य करने के लिए बढ़-चढक़र आगे आए।
इस स्वागत कार्यक्रम में कपिलकांत के पिता बसंत कुमार साहू, माता सत्यभामा साहू, पत्नी बरखा साहू सहित वरिष्ठ सलाहकार निर्मल साहू, पूर्व नगर अध्यक्ष प्रदीप साहू, पूर्व जिला सचिव विजय साहू, पूर्व युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष महेंद्र साहू, मदन कुमार सोनेवरा और बस्तर संभाग प्रवक्ता (अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ) पवन कुमार साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इसके साथ ही पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश साहू, तहसील अध्यक्ष डीएस साहू, नगर अध्यक्ष उमेश साहू, जिला उपाध्यक्ष कमलेश साहू, पूर्व प्रांत पदाधिकारी कमल साहू और भूतपूर्व सैनिक परिषद के जिला अध्यक्ष सूरज यादव सहित बड़ी संख्या में सामाजिक जनों ने उन्हें बधाई दी और राष्ट्र सेवा के मार्ग पर समर्पित होकर कार्य करने हेतु प्रेरित किया।


