कोण्डागांव

भीषण गर्मी का कहर, पारा 43 डिग्री पार
23-May-2026 10:50 PM
 भीषण गर्मी का कहर, पारा 43 डिग्री पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 23 मई। जिला मुख्यालय कोण्डागांव समेत पूरा जिला इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। इस बार गर्मी ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अकेले जिला मुख्यालय की बात करें तो यहां तापमान लगभग एक सप्ताह पहले ही 43 डिग्री सेंटीग्रेड के पार पहुंच चुका है। वहीं अभी गर्मी का असर और बढऩे की संभावना जताई जा रही है।

जानकारों के अनुसार इस वर्ष हिंदू पंचांग में ज्येष्ठ का अधिक मास होने के कारण गर्मी का प्रभाव सामान्य वर्षों की तुलना में अधिक महसूस किया जा रहा है। तेज धूप और उमस से लोगों का जनजीवन प्रभावित होने लगा है। दोपहर के समय बाजार और सडक़ों पर सन्नाटा नजर आने लगा है।

भीषण गर्मी का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर भी साफ दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल में गर्मी और लू से प्रभावित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कोण्डागांव जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. प्रेम मंडावी ने बताया कि गर्मी से बचाव के लिए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोग नियमित रूप से पानी, जूस, फल और अन्य लिक्विड डाइट लेते रहें,ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

उन्होंने सलाह दी कि घर से बाहर निकलते समय शरीर को कपड़े से पूरी तरह ढंकें तथा छाता या अन्य छांव की व्यवस्था रखें। खाली पेट धूप में निकलने से बचें और भरपेट भोजन करने के बाद ही बाहर जाएं।

डॉ. मंडावी ने बताया कि लू लगने पर चक्कर आना, उल्टी, कमजोरी और बुखार जैसे प्रारंभिक लक्षण दिखाई दे सकते हैं। गंभीर स्थिति में मरीज की जान को भी खतरा हो सकता है। ऐसे में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में प्रतिदिन गर्मी से प्रभावित मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं सामान्य ओपीडी में भी मरीजों की संख्या बढ़ रही है। गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल में उपचार की आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।


अन्य पोस्ट