कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 22 मई।जनजाति सुरक्षा मंच के बैनर तले कोण्डागांव जिले से लगभग 1200 से अधिक आदिवासी गुरुवार की रात दिल्ली के लिए रवाना हुए। सभी प्रतिभागी देश की राजधानी में आयोजित होने वाले जनजाति सांस्कृतिक समागम कार्यक्रम में शामिल होंगे। रवाना होने से पहले कोण्डागांव के एनसीसी मैदान और चौपाटी मैदान में जनजातीय समाज के पदाधिकारियों और लोगों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
जनजाति सुरक्षा मंच के छत्तीसगढ़ प्रांत सह संयोजक बलीराम नेताम ने बताया कि, देश की राजधानी दिल्ली में जनजाति सांस्कृतिक समागम कार्यक्रम 24 मई को आयोजन किया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश से हजारों की संख्या में जनजातीय समाज के लोग स्वयं के व्यय से रवाना हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 24 मई को दिल्ली में विशाल रैली आयोजित की जाएगी।
इसी कड़ी में कोण्डागांव जिले से भी बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि जिले से 1200 से अधिक लोग इस आयोजन में भाग लेंगे, जो दिल्ली के लालकिला क्षेत्र में पारंपरिक वेशभूषा के साथ जनजातीय संस्कृति, परंपरा और पहचान के संरक्षण को लेकर मंथन करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा देशभर के जनजातीय समाज को एक मंच पर लाना है।


