कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 22 मई। शासन के निर्देशानुसार आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने स्वास्थ्य विभाग को विकासखंडों के ग्रामों में योजना बनाकर छूटे हुए और नए राशन कार्डधारियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर के चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से जुड़े ग्रामों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड कोंडागांव के ग्राम संबलपुर में आयुष्मान शिविर लगाए जा रहे हैं।
ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक मयंक देवांगन ने बताया कि संबलपुर में कई परिवारों के पुराने राशन कार्ड के आधार पर पहले ही आयुष्मान कार्ड बन चुके थे। बाद में नए राशन कार्ड बनने के कारण संशोधित सूची में पुराने और नए दोनों राशन कार्डधारियों के नाम शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि शिविर में जांच कर नए राशन कार्डधारियों के कार्ड बनाए जा रहे हैं, जबकि पुराने कार्डों को निरस्त करने के लिए सूची जिला आयुष्मान शाखा को भेजी जा रही है।
जिला आयुष्मान शाखा के जिला सलाहकार ऐश्वर्य साव ने बताया कि संबंधित कर्मचारियों को सत्यापन के बाद विलोपन सूची शीघ्र भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पुराने कार्ड निरस्त कर नए पात्र सदस्यों के कार्ड बनाने की प्रक्रिया में देरी न हो।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 18 से 21 मई तक संबलपुर केंद्र के विभिन्न पारा क्षेत्रों में 177 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। विभाग का कहना है कि शिविरों के माध्यम से आगे भी कार्ड बनाने का कार्य जारी रहेगा।
विभाग के मुताबिक विलोपन के लिए प्राप्त सूची का निराकरण प्रतिदिन शाखा स्तर पर किया जा रहा है और संबंधित केंद्रों को सूचना दी जा रही है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत स्वास्थ्य सर्वे में आयुष्मान कार्ड नंबर के उपयोग से पोर्टल एंट्री में सुविधा हो रही है।
आयुष्मान शिविर में स्वास्थ्य कर्मचारी निर्मला नेताम, मयंक देवांगन तथा मितानिन हस्तीना पटेल, सन मति पोयम और चंद्रवती पोयम द्वारा लोगों को शिविर की जानकारी दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस प्रकार की कार्ययोजना अन्य विकासखंडों में भी लागू करने पर विचार किया जाएगा।


