कोण्डागांव

केशकाल पहुंचे डिप्टी सीएम साव, तेलिन सती महोत्सव हुए शामिल
21-May-2026 9:45 AM
केशकाल पहुंचे डिप्टी सीएम साव, तेलिन सती महोत्सव हुए शामिल

58 जोड़ों को दिया आशीर्वाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 20 मई। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज केशकाल क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सर्वप्रथम तेलिन सती माता मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे साहू समाज द्वारा आयोजित भव्य तेलिन सती महोत्सव में शामिल हुए।

महोत्सव के दौरान आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने 58 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक समरसता, सहयोग और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं।

मीडिया से चर्चा करते हुए डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के विकास तथा सामाजिक परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराएं ही समाज की असली पहचान हैं और ऐसे आयोजन समाज को जोडऩे का कार्य करते हैं। उपमुख्यमंत्री ने केशकाल शहर के चौड़ीकरण एवं पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर भी जल्द बड़ी सौगात मिलने की बात कही। उनके इस बयान से क्षेत्रवासियों में विकास कार्यों को लेकर उत्साह देखा गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद भोजराज नाग, सांसद महेश कश्यप, विधायक नीलकंठ टेकाम, विधायक आशाराम नेताम, विधायक संदीप साहू, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, धनेंद्र साहू,  साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष नीरेंद्र साहू, जिलाध्यक्ष राजेश साहू, कलेक्टर नुपुर राशि पन्ना तथा एसपी पंकज चंद्रा सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट