कोण्डागांव

राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर कई कार्यक्रम
19-May-2026 9:54 PM
राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर कई कार्यक्रम

कोण्डागांव, 19 मई। जिले में राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विकासखंडों और स्वास्थ्य केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आर के चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा शासन की निर्धारित थीम  ‘डेंगू नियंत्रण हेतु सामुदायिक भागीदारी: जांच करें, सफाई करें और ढंक कर रखें’ के संबंध में लोगों को जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. सोनल ध्रुव ने बताया कि डेंगू के मामले बरसात के मौसम में बढऩे की संभावना रहती है। इसी कारण लोगों को पहले से जागरूक करने और बचाव संबंधी जानकारी देने के लिए अभियान चलाया जाता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और मितानिन समय-समय पर समुदाय को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देते हैं।

डॉ. ध्रुव के अनुसार, डेंगू एडिज मच्छर के काटने से फैलता है। इसके लक्षणों में बुखार, हाथ-पैर और जोड़ों में दर्द, आंखों के ऊपरी हिस्से में दर्द और कमजोरी महसूस होना शामिल हैं।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को घर और आसपास साफ-सफाई रखने, खाद्य सामग्री एवं पेय पदार्थों को ढंककर रखने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने तथा सोते समय मच्छरदानी के उपयोग की सलाह दी गई। साथ ही, तेज बुखार या जोड़ों में दर्द होने पर स्वास्थ्य केंद्र जाकर जांच और उपचार कराने की अपील की गई।


अन्य पोस्ट