कोण्डागांव

आधे घंटे की बारिश में घरों और दुकानों में घुसा गंदा पानी
17-May-2026 12:00 AM
आधे घंटे की बारिश में घरों और दुकानों में घुसा गंदा पानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 16 मई। शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग का नवीनीकरण भले ही पूरा हो चुका हो, लेकिन नाली सफाई और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से नगरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शनिवार दोपहर आई तेज़ आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने शहर की बदहाल ड्रेनेज व्यवस्था की पूरी पोल खोलकर रख दी। महज़ आधे घंटे की बारिश में सडक़ किनारे पानी भर गया, कई जगह नालियां जाम हो गईं और पानी की निकासी पूरी तरह ठप पड़ गई। हालात ऐसे बन गए कि नालियों का गंदा पानी सीधे लोगों के घरों और दुकानों में घुस गया।इस मामले में केशकाल की एसडीएम आकांक्षा नायक ने कहा कि मामले का संज्ञान लिया गया है और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों को ड्रेनेज सिस्टम सुधारने तथा नालियों की सफाई के निर्देश दिए गए हैं।

स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, एक दर्जन से अधिक दुकानों में पानी भरने से सामान खराब हुआ है। प्रभावित दुकानों में किराना, हार्डवेयर, कपड़ा और फर्नीचर व्यवसाय शामिल हैं। व्यापारियों ने नुकसान का अनुमान 30 से 40 लाख रुपये तक बताया है। हालांकि, इस नुकसान का आधिकारिक आकलन अभी सामने नहीं आया है।

कुछ दुकानदारों ने कहा कि बारिश के दौरान नालियों की सफाई और ड्रेनेज व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण पानी दुकानों में घुस गया। उनका कहना है कि समय रहते सफाई और निकासी व्यवस्था दुरुस्त की जाती तो नुकसान कम हो सकता था।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के बाद नालियों की नियमित सफाई नहीं की गई, जिससे कई स्थानों पर मिट्टी और कचरा जमा हो गया। लोगों ने यह भी कहा कि स्थिति बिगडऩे के दौरान संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन तत्काल जवाब नहीं मिल सका।

बारिश के बाद शहर के कुछ हिस्सों में कई घंटों तक जलभराव बना रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो मानसून के दौरान समस्या और बढ़ सकती है।

नगरवासियों ने प्रशासन से नालियों की सफाई और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सडक़ निर्माण के साथ जल निकासी व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।


अन्य पोस्ट