कोण्डागांव

सुशासन तिहार: नपा में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित
14-May-2026 11:06 PM
सुशासन तिहार: नपा में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 14 मई। राज्य शासन की मंशानुसार आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद कोण्डागांव द्वारा बुधवार को विकास नगर स्थित सामुदायिक भवन में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सभी वार्डों के नागरिकों के लिए विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं की जानकारी स्टॉल के माध्यम से प्रदान की गई तथा हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। शिविर में कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष  जसकेतु उसेण्डी सहित पार्षदगण उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से सभी विभाग एक ही स्थान पर उपस्थित होकर आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। वहीं नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेण्डी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाएं गांव-गांव तक पहुंच रही हैं।

शिविर में कलेक्टर, नगर पालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित पार्षदगणों ने शिविरों का अवलोकन किया और प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। साथ ही सभी ने स्वास्थ्य जांच भी कराए। इस दौरान कलेक्टर ने डाक विभाग के स्टाल पहुंचकर विभाग द्वारा संचालित बीमा योजना के तहत मौके पर स्वयं का बीमा भी कराया।

शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कुछ आवेदन का मौके पर निराकरण किया गया और संबंधित अधिकारियों को शेष आवेदनों का त्वरित निराकरण करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। शिविर में मत्स्य पालन विभाग द्वारा समिति के सदस्यों को दो नग मछली जाल वितरित किए गए। शिक्षा विभाग द्वारा 15 विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 06 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, श्रम विभाग द्वारा 04 श्रम पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। उद्यानिकी विभाग द्वारा 10 किसानों को पौधों का वितरण किया गया। राजस्व विभाग द्वारा 05 डिजिटल किसान किताब एवं 09 बी-1 खसरा वितरित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों के सामान्य ज्ञान को परखने के लिए प्रश्नोत्तरी का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रश्नों के सही जवाब देने वाले व्यक्तियों को अतिथियों के माध्यम से उद्यानिकी विभाग द्वारा सब्जी बीज और पौधे प्रदाय किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत एक हितग्राही को आवास की चाबी सौंपी गई।

इस अवसर पर पार्षद सोनामणि पोयाम एवं  ललित देवांगन, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व)  अजय कुमार उरांव, डिप्टी कलेक्टर रश्मि पोया, तहसीलदार मनोज रावटे तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी देवेश चंदेल उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट