कोण्डागांव

तारुण्य वार्ता हैश टैग पीरियड राज्य स्तर मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण में कोंडागांव से भीषभदेव व श्वेता ने लिया हिस्सा
14-May-2026 11:04 PM
तारुण्य वार्ता हैश टैग पीरियड राज्य स्तर मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण में कोंडागांव से भीषभदेव व श्वेता ने लिया हिस्सा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव,  14 मई। मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन विषय पर ‘तारुण्य वार्ता हैशटैग पीरियड्स पर खुलकर’अभियान के तहत दो दिवसीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 11 मई को रायपुर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में हुआ। कार्यक्रम का आयोजन यूनिसेफ और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला संगठन आयुक्त एवं लीडर्स शामिल हुए। कोंडागांव जिले से जिला संगठन आयुक्त भीषभदेव साहू और श्वेता वर्मा ने प्रतिनिधित्व किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि मासिक धर्म विषय पर जागरूकता और संवाद की आवश्यकता है तथा प्रत्येक बालिका को सुरक्षित और सम्मानजनक माहवारी प्रबंधन का अधिकार मिलना चाहिए।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने कहा कि अभियान को पूरे छत्तीसगढ़ में विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान का समापन 28 मई को प्रस्तावित है।

यूनिसेफ इंडिया की छत्तीसगढ़ प्रमुख सीमा कुमार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य लड़कियों की गरिमा, स्वास्थ्य सुरक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से माहवारी से जुड़े मिथकों और झिझक को कम करने का प्रयास किया जाएगा तथा लडक़ों को भी इस विषय में जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम में यूनिसेफ के व्यवहार परिवर्तन विशेषज्ञ अभिषेक सिंह ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि इससे किशोरों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

शुभारंभ कार्यक्रम में यूनिसेफ की बाल संरक्षण विशेषज्ञ चेतना देसाई, वाश स्पेशलिस्ट श्वेता पटनायक, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय आयुक्त जी. स्वामी, रेडक्रॉस सोसायटी के उपाध्यक्ष रूपेश पाणिग्रही, राज्य मुख्यालय आयुक्त रविश गुप्ता तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन पूनम सिंह साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन बीना यादव द्वारा किया गया।

प्रशिक्षण के पहले दिन अभिषेक त्रिपाठी, बिरजा कबी सतपथी और आशिष कुमार ने विभिन्न सत्रों का संचालन किया।

 


अन्य पोस्ट