कोण्डागांव

प्रधानाचार्य एवं व्याख्याताओं का पांच दिनी प्रशिक्षण शुरु, 117 शिक्षक ले रहे भाग
13-May-2026 10:09 PM
प्रधानाचार्य एवं व्याख्याताओं का पांच दिनी प्रशिक्षण शुरु, 117 शिक्षक ले रहे भाग

कोण्डागांव, 13 मई। हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के परीक्षा परिणामों में अपेक्षित सुधार लाने के उद्देश्य से विकासखंड माकड़ी में प्रधानाचार्य एवं व्याख्याताओं का पांच दिवसीय प्रशिक्षण मंगलवार से प्रारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण 12 से 16 मई तक स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, माकड़ी में आयोजित किया जा रहा है।

जिला शिक्षा संस्थान बस्तर एवं जिला शिक्षा अधिकारी कोण्डागांव के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में भाषा, कला, वाणिज्य एवं कृषि संकाय के 117 प्रधानाचार्य एवं व्याख्याता भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रोजेक्टर एवं स्लाइड द्वारा विषयों की सूक्ष्म जानकारी प्रदान की जा रही है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बीआरसी ताहिर खान, प्रधानाचार्य सुखराम देवांगन, सखाराम बघेल, इंदुमति सिन्हा, रमेश प्रधान, बरसतलाल सोरी एवं लच्छूराम सोरी सहित अन्य शिक्षकों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर बीआरसी ताहिर खान ने प्रतिभागी प्रधानाचार्यों एवं व्याख्याताओं को प्रशिक्षण के महत्व की जानकारी देते हुए सभी दिवसों में नियमित रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। समग्र शिक्षा के वित्तीय मानकों के अनुरूप प्रतिभागी शिक्षकों के लिए दो समय चाय, दोपहर भोजन तथा प्रशिक्षण अवधि के दौरान पेन एवं डायरी की व्यवस्था की गई है।

प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों की दक्षता बढ़ाकर विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों में गुणात्मक सुधार लाना है।


अन्य पोस्ट