कोण्डागांव

बिना ओटीपी नहीं मिलेगा गैस सिलेंडर, उपभोक्ता परेशान
12-May-2026 10:17 PM
बिना ओटीपी नहीं मिलेगा गैस सिलेंडर, उपभोक्ता परेशान

 एजेंसी बोली-शासन के निर्देश का पालन जरूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 12 मई। अब घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को मोबाइल पर आने वाले ओटीपी की जरूरत होगी। केंद्र एवं तेल कंपनियों की नई व्यवस्था के तहत गैस वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए ओटीपी आधारित डिलीवरी अनिवार्य कर दी गई है। इसके चलते केशकाल सहित ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में करीब 25 दिन के अंतराल में मोबाइल पर ओटीपी आने के बाद ही गैस सिलेंडर जारी किया जा रहा है। केशकाल नगर पंचायत होने के बावजूद गैस एजेंसी को ग्रामीण श्रेणी में रखा गया है, जिसके कारण यहां के उपभोक्ताओं को भी 45 दिन की अवधि के बाद ही ओटीपी प्राप्त हो रहा है। इससे नगरवासियों में नाराजगी बढ़ रही है।

स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि कई बार घर में गैस समाप्त हो जाती है, लेकिन ओटीपी नहीं आने के कारण सिलेंडर नहीं मिल पाता। नेटवर्क समस्या और मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने जैसी दिक्कतों से भी लोगों को परेशानी हो रही है। खासकर बुजुर्ग और ग्रामीण उपभोक्ता नई व्यवस्था को लेकर असहज महसूस कर रहे हैं।

वहीं केशकाल स्थित एचपी गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि वे शासन और विभागीय निर्देशों के अनुसार ही कार्य कर रहे हैं। एजेंसी कर्मियों के मुताबिक यदि रिकॉर्ड में गड़बड़ी या सिलेंडर वितरण में अंतर पाया जाता है तो विभाग की ओर से पेनाल्टी लगाई जाती है। इसी कारण ओटीपी सत्यापन के बाद ही सिलेंडर दिया जा रहा है।

एजेंसी से जुड़े कर्मचारियों ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद कई बार उपभोक्ता नाराज होकर कर्मचारियों से विवाद और दुव्र्यवहार भी कर रहे हैं, जबकि एजेंसी केवल सरकारी नियमों का पालन कर रही है।

गौरतलब है कि तेल कंपनियों द्वारा फर्जी कनेक्शन, कालाबाजारी और गलत वितरण पर रोक लगाने के उद्देश्य से ओटीपी आधारित प्रणाली लागू की गई है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क और तकनीकी समस्याओं को देखते हुए लोगों ने शासन से व्यवस्था को सरल बनाने की मांग की है।


अन्य पोस्ट