कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 11 मई। वन परिक्षेत्र बड़ेराजपुर अंतर्गत वन विभाग ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप से साल चौखट चिरान जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक को भी मौके से पकड़ा गया। जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 10 मई की सुबह लगभग 7.45 बजे वन परिक्षेत्र बड़ेराजपुर के अंतर्गत अवैध रूप से साल चौखट चिरान परिवहन किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही केशकाल डीएफओ दिव्या गौतम एवं एसडीओ सुषमा जे. नेताम के निर्देशन तथा रेंजर मिर्जा फिरोज बेग के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
वन विभाग की टीम ने पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 04 एनवाय 4214 का पीछा करते हुए खरगांव के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। जांच के दौरान वाहन में अवैध रूप से साल चौखट चिरान 41 नग, कुल 0.820 घनमीटर परिवहन करते पाया गया। जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले में वाहन चालक योगेन्द्र ग्राम कोसमी चन्नाभर्री को हिरासत में लेकर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। वन विभाग द्वारा वाहन एवं लकड़ी को जब्त कर आगे की जांच की जा रही है।
वन विभाग ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटाई एवं तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।