कोण्डागांव

कमिश्नर ने बस्तर मुन्ने शिविर का किया निरीक्षण
11-May-2026 10:43 PM
कमिश्नर ने बस्तर मुन्ने शिविर का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 11 मई। बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने शुक्रवार को कोंडागांव जिले के ग्राम संबलपुर और बम्हनी में आयोजित बस्तर मुन्ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कार्यों का अवलोकन किया और ग्रामीणों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और राशन कार्ड जैसे दस्तावेजों की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों के दस्तावेजों का शत-प्रतिशत निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने वन और राजस्व विभाग के अधिकारियों को फौती नामांतरण के लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा। साथ ही आधार कार्ड निर्माण और त्रुटि सुधार कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को प्रमाण पत्र और अन्य सामग्री वितरित की गई। ग्राम संबलपुर में जन्म प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, बी-1 खसरा, मतदाता परिचय पत्र, जाति प्रमाण पत्र और जॉब कार्ड वितरित किए गए। वहीं ग्राम बम्हनी में बी-1 नकल, डिजिटल किताब, मनरेगा जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, मतदाता परिचय पत्र, जाति प्रमाण पत्र और विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर प्रतिभावान स्कूली बच्चों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, संयुक्त संचालक एचआर सोम, एसडीएम अजय उरांव, तहसीलदार मनोज रावटे सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट