कोण्डागांव

पतोड़ा में ग्राम स्तरीय शिविर आयोजित
11-May-2026 10:42 PM
पतोड़ा में ग्राम स्तरीय शिविर आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 11 मई। बस्तर संभाग अंतर्गत शासन की महत्वपूर्ण योजना ‘बस्तर मुन्ने’ के तहत विकासखंड फरसगांव के ग्राम पतोड़ा में 8 मई को ग्राम स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के सामने दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। शिविर में ग्राम पंचायत पतोड़ा की सरपंच शांति नेताम, उपसरपंच सकरूराम नाग, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अश्वन कुमार पुसाम, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रूपेंद्र नेताम, तहसीलदार डॉ. जय कुमार नाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, बिहान/राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, शिक्षा विभाग, उद्यानिकी विभाग, खाद्य विभाग सहित अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में बिहान एवं महिला स्व-सहायता समूह की दीदियां, लखपति दीदी, वार्ड पंच, ग्रामवासी तथा विभागीय कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। शिविर का सफल संचालन एसडीएम फरसगांव के निर्देशन में किया गया।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषित माताओं एवं बच्चों को सुपोषण किट वितरित किए गए। खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, राजस्व विभाग द्वारा खसरा बी-1, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड, पंचायत विभाग द्वारा मनरेगा जॉब कार्ड तथा राजस्व एवं शिक्षा विभाग द्वारा जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रमाण पत्र एवं सामग्रियों का वितरण जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के हाथों किया गया। शिविर में 4 राशन कार्ड, 2 सुपोषण किट, 4 मनरेगा जॉब कार्ड, 5 आयुष्मान कार्ड, 9 जाति प्रमाण पत्र, 8 खसरा बी-1 का वितरण किया गया। शिविर में ग्रामीणों द्वारा विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित 46 आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण संबंधित विभागों द्वारा किया जाएगा।


अन्य पोस्ट