कोण्डागांव

विधायक ने रक्तदान व नि:शुल्क कैंसर जांच शिविर का किया शुभारंभ
10-May-2026 11:12 PM
विधायक ने रक्तदान व नि:शुल्क कैंसर जांच शिविर का किया शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 10 मई। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका के निर्देशानुसार शुक्रवार को शासकीय जिला चिकित्सालय कोण्डागांव में जिला स्तरीय रक्तदान शिविर एवं महिलाओं के लिए नि:शुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया गया।

 कार्यक्रम का शुभारंभ बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। विधायक ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक  लता उसेंडी ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी मानव सेवा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रही है। समाज की सहभागिता से ऐसे प्रयास और अधिक प्रभावी बनते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि गांव-गांव में स्वास्थ्य जांच के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि प्रत्येक परिवार स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन जी सके। उन्होंने सभी नागरिकों से सेवा और संकल्प की भावना के साथ स्वास्थ्य संबंधी अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

शिविर में महिलाओं के स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता देते हुए स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, ओरल कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों की नि:शुल्क जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। जिला चिकित्सालय के कैंसर रोग विशेषज्ञों एवं अन्य चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस दौरान मैमोग्राफी के माध्यम से स्तन कैंसर तथा वी.आई.ए. पद्धति से सर्वाइकल कैंसर की जांच की विशेष सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

इसके साथ ही आयोजित रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को अधिक से अधिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।

जिला के सभी विकासखंडो से महिलाओं ने विशेष रूप से शामिल हुए शिविर में  405 हितग्राहियों का रजिस्ट्रेशन किया गया। उक्त हितग्राहियों में से 21 का ए एन सी जांच,35 लोगों का कैंसर जैसे स्क्रीनिंग एवं जांच हुआ जिनमें से 6 लोगों का वी आई ए और वी आई एल आई जाँच हुआ। उक्त कैंसर के सभी जांच नेगेटिव रहे। उच्च रक्त चाप एवं शुगर के कुल 180 मरीज का उपचार हुआ। शिविर में सामान्य मरीज के रूप में 248 लोगों का ईलाज हुआ। सोनोग्राफी के 8, सीटी स्कैन के 10, अर्ष क्लीनिक के 28 स्क्रीनिंग हुई। 11 लोगों का तत्काल आयुष्मान कार्ड बनाया गया वहीं टीबी के 23 मरीज का स्क्रीनिंग किया गया। जिसमें दो धनात्मक प्राप्त हुए जिनका तत्काल ही उपचार प्रारंभ किया गया। ओरल कैंसर स्क्रीनिंग में 16 हितग्राहियों का स्क्रीनिंग किया गया वहीं एक 80 वर्ष के बुजुर्ग का ओरल कैंसर पाया गया।

पुलिस विभाग एवं जन सामान्य के सहयोग से कुल 25 लोगों के द्वारा रक्तदान किया गया।

इस अवसर पर मनोज जैन,  दीपेश अरोरा, जितेंद्र सुराना, उत्तम रक्षित, सोनामणि पोयाम, नागेश देवांगन, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम  अजय उरांव, सीएमएचओ डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. पी. एल. मंडावी, डीपीएम डॉ. भावना महलवार सहित रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट