कोण्डागांव

सुशासन तिहार सिर्फ ढकोसला - संतराम नेताम
09-May-2026 10:30 PM
सुशासन तिहार सिर्फ ढकोसला - संतराम नेताम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 9 मई। प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे सुशासन तिहार को लेकर पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक संतराम नेताम ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार केवल सरकार की विफलताओं को छिपाने का एक दिखावटी कार्यक्रम है, जबकि जमीनी स्तर पर जनता मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है।

संतराम नेताम ने कहा कि पिछले सुशासन तिहार में जनता द्वारा दिए गए हजारों आवेदनों का आज तक निराकरण नहीं हुआ। लोगों के आवेदन रद्दी की टोकरी में डाल दिए गए, जिससे जनता का सरकार से भरोसा उठ चुका है। यही कारण है कि इस बार लोग सरकार के कार्यक्रमों से दूरी बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण भी पहले से तय पटकथा के अनुसार प्रायोजित किए जाते हैं, जिनमें आम जनता की वास्तविक भागीदारी नहीं होती। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी कामकाज पूरी तरह ठप पड़ गया है। तहसीलों और अनुविभागों में नामांतरण, बंटवारा, फौती, नक्शा-खसरा सुधार जैसे लाखों प्रकरण लंबित पड़े हैं। यदि वास्तव में सुशासन होता तो लोगों को अपने रोजमर्रा के कामों के लिए ‘तिहार’ का इंतजार नहीं करना पड़ता।

नेताम ने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, खराब कानून व्यवस्था और बदहाल स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, आत्मानंद स्कूलों में स्टेशनरी तक उपलब्ध नहीं है, आरटीई के तहत बच्चों का प्रवेश प्रभावित हो रहा है और सरकारी अस्पतालों में इलाज की समुचित व्यवस्था नहीं है।

प्रदेश में हत्या, बलात्कार और डकैती जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार उत्सव मनाने में व्यस्त है।

उन्होंने कहा कि ‘सुशासन तिहार’ वास्तव में ‘जनता के साथ धोखा 2.0’ बन चुका है। आम आदमी छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है। सडक़, नाली, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी लोगों को आवेदन लेकर भटकना पड़ रहा है।

केाकाल बाईपास और सडक़ों की बदहाली पर भी उठाए सवाल

संतराम नेताम ने केशकाल बाईपास परियोजना को लेकर भी सरकार और प्रशासन को घेरा। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से अधिक समय से यह परियोजना प्रशासनिक लापरवाही और विभागीय तालमेल की कमी के कारण अधर में लटकी हुई है।उन्होंने आरोप लगाया कि गलत एलाइनमेंट के कारण जहां सडक़ बनी ही नहीं वहां हजारों पेड़ काट दिए गए, जबकि जहां सडक़ निर्माण होना था वहां पेड़ सुरक्षित रह गए। नेताम ने दावा किया कि इस मामले में 8 हजार से अधिक पेड़ों की कटाई हुई, जो गंभीर लापरवाही और संभावित घोटाले की ओर इशारा करता है। इसके साथ ही उन्होंने केशकाल-विश्रामपुरी मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह मार्ग बस्तर की जीवन रेखा माना जाता है, लेकिन भारी वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण सडक़ पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। अंत में नेताम ने कहा कि भाजपा सरकार का ‘सुशासन तिहार’ जनता की समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि सरकार की नाकामियों को छिपाने का प्रयास है।


अन्य पोस्ट