कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 6 मई। इन दिनों केशकाल में शादियों का सीजन पूरे शबाब पर है। हर ओर खुशियों और जश्न का माहौल नजर आ रहा है। इस बार खास बात यह है कि इन समारोहों में सिर्फ आम लोग ही नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधि भी अपने अनोखे अंदाज से सुर्खियां बटोर रहे हैं। कहीं मांदर की थाप पर ठुमके लगते दिखाई दे रहे हैं, तो कहीं नेता खुद बाजा बजाते नजर आ रहे हैं।
केशकाल क्षेत्र से शादी समारोहों के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें जनप्रतिनिधि पारंपरिक और मस्ती भरे अंदाज में लोगों के साथ घुलते-मिलते दिख रहे हैं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
पूर्व विधायक संत राम नेताम का अंदाज सबसे अलग देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में वे मांदर की थाप पर लोक कलाकारों के साथ कदम से कदम मिलाकर नाचते नजर आए। वहीं वर्तमान विधायक भी पीछे नहीं रहे, उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे शादी समारोह में बाजा बजाते और पूरे उत्साह के साथ मस्ती करते दिख रहे हैं।


