कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 5 मई। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना पीएमजीएसवाई फेज-4, बैच-01 के अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामों में 38 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सडक़ों का भूमिपूजन वन मंत्री केदार कश्यप द्वारा किया गया। इन सडक़ों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि राज्य शासन की नीतियों के चलते बस्तर अब माओवाद से मुक्त हुआ है और अब तेजी से विकास कार्य शुरू हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत प्रति माह 1000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अब अंतिम छोर तक पहुंचाया जा रहा है। जरूरतमंदों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का आवास दिया जा रहा है।
ग्राम छोटेउसरी में उन्होंने कहा कि एक समय यह क्षेत्र माओवाद से प्रभावित था, लेकिन अब विकास कार्यों के माध्यम से यहां नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं। वहीं ग्राम मटवाल में मंत्री ने ‘लखपति दीदी’ श्रीमती वैदयी से चर्चा की, जो किराना दुकान संचालित कर आत्मनिर्भरता की मिसाल प्रस्तुत कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं को मुर्गी पालन, बकरी पालन एवं गौपालन जैसे आजीविका के साधनों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया तथा शासकीय योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
इन सडक़ों के निर्माण से क्षेत्र के दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्गों से जोडऩे में मदद मिलेगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी और समग्र ग्रामीण विकास को बल मिलेगा।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जिला सदस्य श्रीमती यशोदा कश्यप, जनप्रतिनिधि श्रीमती सुशीला दीवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


