कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 5 मई। जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना द्वारा आज लक्ष्य कोचिंग संस्थान, कोण्डागांव में नीट, पीईटी एवं जेईई परीक्षाओं हेतु नि:शुल्क कोचिंग का शुभारंभ किया गया। यह पहल एनएमडीसी के सीएसआर मद के अंतर्गत शुरू की जा रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी कई छात्र-छात्राएं इस प्रकार की पहल से लाभान्वित होकर सफलता प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाएं उपस्थित रहने, अनुशासन बनाए रखने तथा एकाग्रता और मेहनत के साथ अध्ययन करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस नि:शुल्क सुविधा का विद्यार्थी अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
उल्लेखनीय है कि इस कोचिंग के लिए जिले के 100 प्रतिभागियों का चयन प्राक्चयन परीक्षा के माध्यम से किया गया है। यह परीक्षा 8 अप्रैल को आयोजित की गई थी। चयनित विद्यार्थियों को आगामी 6 माह तक विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन में नि:शुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान तथा लक्ष्य कोचिंग संस्थान के शिक्षकगण और अभ्यर्थियों के साथ उनके पालक भी उपस्थित रहे।


