कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 4 मई। कोण्डागांव पुलिस ने अपहरण कर नाबालिग से रेप के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार आरोपी को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विकास मरकाम (19)। 11 मार्च को पीडि़ता के पिता ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 मार्च की शाम करीब 6.30 बजे उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को कोई व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया। रिपोर्ट के आधार पर थाना कोण्डागांव में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पीडि़ता की लोकेशन तमिलनाडु में मिली। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति लेकर पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई। तमिलनाडु पहुंचकर पुलिस ने पीडि़ता को आरोपी के कब्जे से सुरक्षित बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने अपहरण कर रेप की घटना को स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने 2 मई को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी। अगले दिन 3 मई को आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई जारी होने की बात कही है।


