कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 3 मई। नगर में देर रात अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने पूरे नगर का नजारा बदल दिया। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर बिजली के खंभे टूट गए, अनेक जगहों पर पेड़ गिर पड़े, वहीं कई इलाकों में बिजली तार क्षतिग्रस्त हो गए। मौसम की इस मार से शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को पानी की भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली विभाग की टीम रातभर सुधार कार्य में जुटी रही और अब भी कई क्षेत्रों में मरम्मत कार्य जारी है। विभागीय जानकारी के अनुसार दोपहर तक अधिकांश नगर क्षेत्रों में बिजली बहाल होने की संभावना है, लेकिन सुबह के समय पानी की समस्या से नागरिकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
डोंगरीगुड़ा क्षेत्र में कैलाश पोयाम के घर के पास दो बिजली पोल और तार क्षतिग्रस्त होने से डोंगरीगुड़ा व जामकोटपारा प्रभावित हैं। मरारपारा स्थित एचडीएफसी बैंक के पास तार टूटने से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, मरारपारा, रोजगारीपारा, कुम्हारपारा और जोदारापदर क्षेत्रों में बिजली बाधित रही। वहीं प्रेम नगर और नहरपारा मेन 11 केवी लाइन में भी तार टूटने और गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेका पद्धति के कारण मरम्मत कार्य की गति धीमी है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है। फिलहाल नागरिकों को बिजली और पानी दोनों समस्याओं से राहत मिलने का इंतजार है।