कोण्डागांव

वन विभाग की सचिव ऋ चा शर्मा पहुंचीं केशकाल, तेंदूपत्ता फड़ों का किया निरीक्षण
02-May-2026 10:33 PM
वन विभाग की सचिव ऋ चा शर्मा पहुंचीं केशकाल, तेंदूपत्ता फड़ों का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 2 मई। छत्तीसगढ़ शासन की अपर मुख्य सचिव एवं सचिव, वन विभाग ऋचा शर्मा शनिवार को वन मंडल केशकाल अंतर्गत विभिन्न तेंदूपत्ता फड़ों एवं समितियों के निरीक्षण पर पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों के साथ तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य, पत्तों की गुणवत्ता, गड्डियों की संख्या तथा संग्राहकों को किए जा रहे भुगतान की व्यवस्था का जायजा लिया।

 निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान अपर प्रबंध संचालक श्रीमती संजीता गुप्ता, लक्ष्मण सिंह संयुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी कैम्पा, मुख्य वन संरक्षक राजेश कुमार चंदेले, केशकाल डीएफओ दिव्या गौतम,  डीएफओ नारायणपुर, एसडीओ एन.के. सिन्हा, एसडीओ सुषमा जे. नेताम, रेंजर आर.एस. यादव वन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

ज्ञात हो कि जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित केशकाल अंतर्गत इस वर्ष तेंदूपत्ता खरीदी का लक्ष्य 28,500 मानक बोरा निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 8657.545 मानक बोरा तेंदूपत्ता की खरीदी की जा चुकी है। संग्रहण कार्य लगातार जारी है तथा सॉफ्टवेयर आधारित भुगतान प्रक्रिया के माध्यम से संग्राहकों को भुगतान किया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समिति चिंगनार अंतर्गत तेंदूपत्ता फड़ गोहड़ा, समिति बड़ेडोंगर के फड़ बड़ेडोंगर ‘अ’ एवं ‘ब’, फरसगांव समिति के फड़ फरसगांव तथा प्राथमिक लघु वनोपज समिति बहीगांव अंतर्गत फड़ मस्सूकोकोड़ा का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित फड़ मुंशी, फड़ अभिरक्षक, प्रबंधक एवं पोषक अधिकारियों से चर्चा कर कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए। साथ ही तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

 वन विभाग के इस निरीक्षण कार्यक्रम को तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


अन्य पोस्ट