कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 1 मई। सायबर सेल, पुराना पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 30 अप्रैल को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार डाण्डे की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक अकाश श्रीश्रीमाल (आईपीएस) के मार्गदर्शन में हुई। बैठक में डीएसपी सायबर सेल नरेन्द्र पुजारी और सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय भी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों ने भाग लिया। इनमें भारतीय स्टेट बैंक से सपन कुमार चक्रबोर्ती, बैंक ऑफ महाराष्ट्र से राजशेखर कदम, पंजाब नेशनल बैंक से मनीष त्रिपाठी, आईडीबीआई बैंक से उमेश कुमार, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से वासुदेव मण्डल, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से विलास टिमहारे, एचडीएफसी बैंक से सोनू भोर, आईसीआईसीआई बैंक से नीतिन शर्मा तथा बैंक ऑफ इंडिया से शशिपाल पी. निरल्या शामिल थे।
बैठक में सायबर अपराधों, जैसे यूपीआई फ्रॉड, फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट और म्यूल अकाउंट से संबंधित मामलों पर चर्चा की गई। पुलिस के अनुसार, इन अपराधों की रोकथाम और जांच के लिए बैंकों के साथ समन्वय बढ़ाने की आवश्यकता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान बैंकों से जानकारी प्राप्त करने में आने वाली चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। इस पर बैंक प्रतिनिधियों ने सहयोग का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के तहत बैंकों को सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करने के लिए कहा गया।
कोण्डागांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सायबर धोखाधड़ी की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट ष्4ड्ढद्गह्म्ष्ह्म्द्बद्वद्ग.द्दश1.द्बठ्ठ पर दर्ज कराएं।