कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 30 अप्रैल। शासकीय माध्यमिक शाला ब्लॉक कॉलोनी, कोण्डागांव में 28 अप्रैल को वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षाविद् पवन साहू शामिल हुए। विद्यालय के प्रधान पाठक और शिक्षकों ने अतिथियों का स्वागत किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस वर्ष परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। कक्षा 6वीं में साहिल बघेल और कक्षा 7वीं में दीपशिखा कोर्राम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। शिक्षाविद् पवन साहू ने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन और मूल्यों पर ध्यान देने की सलाह दी।
प्रधान पाठक मलखम नेताम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परिणाम के आधार पर आगे की तैयारी जारी रखनी चाहिए और कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी निराश न हों।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक राहुल कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर शिक्षक प्रभंजन मिश्रा, पूजा शुक्ला, भूमिका गौतम सहित पालक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। परिणाम वितरण के बाद शिक्षकों ने अभिभावकों से चर्चा कर विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई से संबंधित सुझाव दिए।


