कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 29 अप्रैल। कोण्डागांव पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान कुशल दीवान निवासी राजपुर सरगिगुडा पारा, थाना भानपुरी, जिला बस्तर के रूप में हुई है।
मामले में पीडि़ता ने 25 अप्रैल को थाना मर्दापाल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने मई 2025 में फोन नंबर लेकर संपर्क शुरू किया और दोस्ती के बाद शादी करने का आश्वासन दिया। पीडि़ता का आरोप है कि इसी आधार पर आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी से पूछताछ की गई और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 27 अप्रैल 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश और निगरानी में कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।


