कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 29 अप्रैल। पीएमश्री शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, केशकाल की अंग्रेजी व्याख्याता संध्या श्रीवास्तव को ‘सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें शिक्षा में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और छात्र-केंद्रित पद्धतियों के प्रभावी उपयोग के लिए प्रदान किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला शिक्षक फेडरेशन नई दिल्ली के द्वारा बुधवार को रायपुर के वृन्दावन हॉल में प्रमाण पत्र के माध्यम से सन्ध्या श्रीवास्तव को उनके उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता दी गई। संध्या श्रीवास्तव ने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर रचनात्मक प्रयास करते हुए विद्यार्थियों में आलोचनात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ समावेशी शिक्षा को भी बढ़ावा दिया है।
विशेष रूप से उन्होंने अंग्रेजी भाषा के विकास हेतु 15 नवाचारी पुस्तकों (ई-बुक एवं प्रिंट) का निर्माण किया है, जिनमें क्यूआर कोड के माध्यम से ऑडियो-वीडियो सामग्री जोड़ी गई है। इससे शिक्षण प्रक्रिया अधिक आधुनिक, प्रभावी और रुचिकर बनी है। कोंडागांव जिले में उनके नवाचारों ने शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ किया है और विद्यार्थियों के भीतर सीखने की नई ऊर्जा का संचार किया है।
इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग, सहकर्मियों और विद्यार्थियों में खुशी और गर्व का माहौल है। यह सम्मान न केवल श्रीमती श्रीवास्तव की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पीएम श्री साजेस केशकाल को भी राज्य में नवाचार आधारित शिक्षा के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करता है।


