कोण्डागांव

मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान: औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सर्वे कार्यों की हुई समीक्षा
29-Apr-2026 10:40 PM
मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान:  औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सर्वे कार्यों की हुई समीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 29 अप्रैल। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत आज विकासखंड कोंडागांव में अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर द्वारा ग्राम बाखरा, करणपुर एवं सुकुरपाल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य अभियान के तहत संचालित स्वास्थ्य सर्वे कार्यों की प्रगति का जायजा लेना एवं मैदानी स्तर पर आ रही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना रहा।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ने सर्वे टीमों को निर्देशित किया कि वे सभी जानकारी की ऑनलाइन एंट्री निर्धारित समय सीमा के भीतर एवं पूर्ण सटीकता के साथ करें, जिससे शासन को अद्यतन एवं सही डेटा प्राप्त हो सके। उन्होंने लंबित (सस्पेंडेड) प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र रेफर कर जांच एवं उपचार प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

अपर कलेक्टर ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाने एवं प्रत्येक व्यक्ति की आभा आईडी (्रक्च॥्र ढ्ढष्ठ) तैयार करने पर विशेष जोर दिया, ताकि आमजन को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। साथ ही सर्वे के दौरान लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर डॉ. हरेंद्र बघेल एवं बीपीएम श्री नीरज सोरी भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी टीमों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की गई एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान को और अधिक सफल एवं प्रभावी बनाया जा सके।—


अन्य पोस्ट